


नर्मदापुरम / दीपोत्सव का असली आनंद अपनों के बीच खुशियां बांटने में ही है। इसी मानवीय भावना और सामाजिक सरोकार को जीवंत रखते हुए नमामि नर्मदे सेवा समिति ने अपनी पुरानी परंपरा निभाते हुए इस वर्ष भी दीपावली का पर्व शहर के आसरा वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के साथ मनाया। अपनों से दूर इन बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए आयोजित इस स्नेह मिलन समारोह ने दीपावली के उल्लास को और अधिक सार्थक बना दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने कहा कि यह समिति की अच्छी पहल है। अपनो से दूर रह रहे बुजुर्गों के साथ अपना पारंपरिक त्योहार मनाना भी एक खास उत्साह है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, समिति के संरक्षक महेंद्र यादव, वृद्धाश्रम की संचालिका निर्मला माथनकर, वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद नरेंद्र पटेल, समाजसेवी मांगीलाल यादव, उपाध्यक्ष कपिल यादव, आकाश यादव, राजकुमार यादव, लक्ष्मी नारायण यादव, भानु प्रताप यादव, पहलवान मनीष निगोटे, प्रिंस यादव, संजय यादव, आदित्य यादव, राजेंद्र राजोरिया, टीकाराम यादव, सोनू यादव और गब्बर राजपूत सहित समिति के तमाम सदस्य उपस्थित रहे।
कंबल, मिठाई और दीपदान से महका आश्रम….
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को ठंड के मौसम से राहत दिलाने के लिए कंबल भेंट किए। इसके साथ ही मुंह मीठा कराने के लिए मिठाई के पैकेट के साथ फल भी बांटे गए और सभी ने मिलकर दीपदान किया। टिमटिमाते दीयों की रोशनी और अपनों जैसी आत्मीयता के बीच बुजुर्गों का आशीर्वाद पाकर पूरा वातावरण भावुक और सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।
सालों से चली आ रही है सेवा की परंपरा…..
समिति के अध्यक्ष रोहित यादव ने बताया कि नमामि नर्मदे सेवा समिति विगत कई वर्षों से लगातार इस विशेष परंपरा का निर्वहन करते आ रही है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर वृद्धजनों के साथ समय बिताना और उनके जीवन में खुशियों के दीप जलाना ही समिति का मुख्य उद्देश्य है, ताकि उन्हें कभी अकेलापन महसूस न हो।

