

सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार क्षेत्र में सुरक्षा तथा शांति व्यवस्था को लेकर एसडीएम विजय राय, सिवनी मालवा के नेतृत्व में मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके, थाना प्रभारी नवीन पांडे, चौकी प्रभारी खुमान सिंह सहित राजस्व, नगरपालिका एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सिवनी मालवा एवं बानापुरा स्थित पटाखा बाजार का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने बाजार में स्थापित विभिन्न दुकानों पर पहुँचकर अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपलब्धता और उनकी क्रियाशीलता की स्वयं जाँच की। इसके साथ ही मौके पर मौजूद नगर पालिका के दमकल अमले को आपातकालीन स्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्यौहार मना सकें। इसके साथ ही एसडीएम सिवनी मालवा द्वारा क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील की गई कि वह दीपावली पर्व के दौरान सुरक्षा बनाए रखकर पटाखों का इस्तेमाल करें। किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचें। आतिशबाजी के दौरान छोटे बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों का ध्यान रखें। किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए सावधानी ही सबसे बेहतर उपाय है। क्षेत्र के सभी नागरिक हर्षोल्लास के साथ दीपावली पर्व शांति और सौहार्द्रपूर्ण रूप से मनाये।

