
नर्मदापुरम / सोहागपुर / नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपने ही पिता और सौतेली मां की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि सोहागपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की रात करीब 11 बजे ग्राम रैनी पानी में रहने वाले बुजुर्ग दंपति राधे उईके और उनकी पत्नी तितो बाई उर्फ कृष्णा उईके की घर में हत्या होने की सूचना पुलिस को मिली थी। दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और सोहागपुर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को बेटे पर हुआ शक, पूछताछ में खुला हत्या का राज….
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने और आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि घटना से पहले मृतक दंपति का उनके बेटे कमलेश उईके से विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने घटना के बाद कमलेश को घर के पिछले दरवाजे से जंगल की ओर भागते हुए भी देखने की बात बताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम दीपक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने एसडीओपी सोहागपुर अरविंद शाह को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और फरार आरोपी की तलाश शुरू की।
पत्नी को मायके भेजने की बात पर पिता से चल रहा था विवाद….
पुलिस पूछताछ में आरोपी कमलेश उईके ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और जल्द ही उसकी डिलीवरी होने वाली है। वह चाहता था कि पत्नी की डिलीवरी उसके मायके में हो। इसी बात को लेकर उसका अपने पिता से कई दिनों से विवाद चल रहा था।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने दूसरी शादी की थी, जबकि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था। घटना वाली रात घर में शराब पीने के बाद पत्नी की डिलीवरी को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चूल्हे में जल रही मोटी लकड़ी उठाकर पिता और सौतेली मां के सिर तथा शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई।
हत्या के बाद जंगल में भागा आरोपी, छह घंटे की सर्चिंग में दबोचा….
दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी कमलेश उईके जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की और करीब छह घंटे की सर्चिंग के बाद आरोपी को कच्चे नाले के पास से हिरासत में ले लिया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अपराध क्रमांक 694/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की तत्परता से सुलझी दोहरे हत्याकांड की गुत्थी….
इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने में सोहागपुर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपी की तलाश में तेजी दिखाई और 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का विषय बने दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई।

