नर्मदापुरम / नगर में नज़ूल भूमि के पट्टों के नवीनीकरण में नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अखिलेश खण्डेलवाल ने जिलाधीश नर्मदापुरम को पत्र लिखकर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की है।
डॉ. खण्डेलवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि विगत वर्ष से नज़ूल भूमि के पट्टों के नवीनीकरण की प्रक्रिया में नागरिकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित अधिकारियों के रवैये के कारण आम नागरिकों के पट्टों का नवीनीकरण समय पर नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में परेशानी एवं असंतोष व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि अनेक नागरिक अपने पट्टों के नवीनीकरण के लिए ठेके तक दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है। इससे नागरिकों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं। जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
डॉ. खण्डेलवाल ने जिलाधीश से अपेक्षा की है कि नज़ूल पट्टों के नवीनीकरण में आ रही बाधाओं का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएं तथा नागरिकों को राहत दिलाने के लिए प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित समाधान सुनिश्चित करेगा।
उक्त पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन एवं प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा मध्यप्रदेश को भी प्रेषित की गई है।

