

नर्मदापुरम / दीपावली पर्व को लेकर शहर में उत्साह और रौनक बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में एसएनजी ग्राउंड में दीपावली का बाजार सजकर तैयार हो गया है। धनतेरस से एक दिन पहले नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने फीता काटकर दीपावली बाजार का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख, नेता प्रतिपक्ष अनोखे राजोरिया, पार्षद राजेंद्र उपाध्याय, रेखा यादव, पूर्व पार्षद जितेंद्र तिवारी सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लोकल बाजार से खरीदारी कर व्यापारियों को दें प्रोत्साहन….
बाजार शुभारंभ के अवसर पर नपाध्यक्ष नीतू यादव ने शहरवासियों से दीपावली की खरीदारी के लिए स्थानीय बाजार पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली हम सभी का अपना पारंपरिक त्योहार है। ऐसे में नागरिक घरों से निकलें और अपने शहर के स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करें। इससे स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा और शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने बाजार में शुभ लाभ काउंटर लगाने के निर्देश दिए।
नहीं कटेगी रसीदें….
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि लोकल फार वोकल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसएनजी ग्राउंड में लगी दुकानों रसीद नहीं काटी जाएगी। यह नपाध्यक्ष की ओर से छोटे दुकानदारों को गिफ्ट के रूप में सुविधा दी गई है।
सड़क और चौराहों पर दुकानें लगाने पर रोक….
मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने अतिक्रमण दल एवं राजस्व शाखा को निर्देश दिए कि एसएनजी ग्राउंड के बाहर सड़क, सतरस्ता और अन्य प्रमुख चौराहों पर लगने वाली दुकानों को निर्धारित बाजार स्थल पर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर दुकानें नहीं लगाई जाएं। नगर की यातायात व्यवस्था सुगम रहे इसकी जिम्मेदारी आपकी है।
फटाखा बाजार का किया निरीक्षण, दमकल अमले को अलर्ट रहने के निर्देश….
बाजार शुभारंभ के बाद नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं सीएमओ वैभव देशमुख ने फटाखा बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दमकल कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण दल को फटाखा दुकानों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने, यातायात सुगम बनाए रखने तथा नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगरपालिका प्रशासन का प्रयास है कि दीपावली के दौरान शहरवासियों को एक ही स्थान पर खरीदारी की बेहतर सुविधा मिले और त्योहार खुशियों, उत्साह एवं सुरक्षित माहौल के बीच मनाया जा सके।

