
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा लीग मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में बैतूल एवं नर्मदापुरम की टीमों के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में बैतूल ने पहली पारी में 29 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त के आधार पर जीत दर्ज की। इस परिणाम के साथ ही टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नर्मदापुरम और बैतूल के मध्य खेला जाना तय हुआ।
संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि मुकाबले में बैतूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
साहिल कवाड़े का लगातार दूसरा शतक……
पहले बल्लेबाजी करते हुए बैतूल की टीम ने साहिल कवाड़े के शानदार 103 रनों के शतक, जितेश खटारे के नाबाद 79 रन तथा तनिष्क सोलंकी के 61 रनों की बदौलत 349 रन बनाए।
जवाब में नर्मदापुरम की टीम ने सधी हुई शुरुआत की, लेकिन उसके प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं हो सके। नर्मदापुरम की ओर से माधव शर्मा ने 69, अथर्व पटेल ने 64, गौतम बौरासी ने 61, आरफ कुरैशी ने 33 तथा विधान दुबे ने 31 रनों का योगदान दिया। इसके बावजूद पूरी टीम 320 रनों पर ऑल आउट हो गई और पहली पारी में 29 रनों से पिछड़ गई। इस प्रकार बैतूल ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर मुकाबला अपने नाम किया।
पार्थिव वानखेड़े की शानदार गेंदबाजी, झटके 5 विकेट…..
बैतूल की जीत में गेंदबाज पार्थिव वानखेड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं तनिष्क सोलंकी एवं परम बारस्कर ने 2-2 विकेट तथा हिमांशु चढ़ोकार ने 1 विकेट प्राप्त किया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बैतूल के साहिल कवाड़े और पार्थिव वानखेड़े को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में अंपायर की भूमिका कुणाल पटेल एवं मोहम्मद फज़ल ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व मनोहर बिलथरिया ने संभाला।
इस अवसर पर मैदान पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, जिला सचिव मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा, रामकृष्ण चौरे, कोच नितेश राजपूत सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।
अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नर्मदापुरम और बैतूल के मध्य खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी।

