
नर्मदापुरम / इटारसी / सामान्य वनमंडल के डीएफओ गौरव शर्मा के दिशा निर्देशन में एसडीओ सामान्य हीरालाल पटेल के मार्गदर्शन में इटारसी वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा ओर उनकी टीम ने सहेली बीट मे तीन बैलगाड़ी से अवैध सागौन परिवहन कर रहे 3 सागौन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की । बताया रहा गया कि आरोपियों के पास से कुल्हाड़ी सहित सांभर का एक सींग ओर पक्षियों का घोंसला भी बरामद किया गया है। तत्संबंध में एसडीओ हीरालाल पटेल ने बताया कि सहेली बीट के अंतर्गत तीन बैलगाड़ियां सहित सागौन तस्करी मामले में 3 आरोपियों को पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि रांझी सर्किल के अंतर्गत आने वाली सहेली बीट मे कक्ष क्रमांक आर एफ 188 में 5 सागौन तस्करों के घुसने की सूचना वन विभाग की टीम को मिली थी । उक्त सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल मोके पर पहुंचकर गंतव्य स्थान की घेराबंदी की, सुबह 4 बजे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी 3 बैलगाड़ी से सागौन के लठ्ठे ला रहे थे । उनके पास से लकड़ी के अतिरिक्त कुल्हाड़ी, सांभर का एक सींग, पक्षियों का घोंसला आदि बरामद किया गया । इस दौरान 3 आरोपी पकड़े गए एवं दो आरोपी भागने में सफल रहे। इस मामले में वन विभाग की टीम ने तीन आरोपी हेमराज हिरनचापड़ा, प्रमोद हिरनचापड़ा एवं हीरालाल पिता सरवन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम सहित वन संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। कारवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में इटारसी वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक शर्मा, डिप्टी रेंजर भुवन डोले सहित वन विभाग की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

