
नर्मदापुरम / इटारसी में पुराने बस स्टैंड को पुनः चालू कराने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी (गज्जू भैया) ने व्यापारियों के साथ मिलकर पुराने बस स्टैंड के समर्थन में हुंकार भरी।
गज्जू तिवारी ने आज बाजार क्षेत्र में पहुंचकर व्यापारियों से व्यक्तिगत मुलाकात की और 3 नवंबर को इटारसी बाजार बंद रखने का आह्वान किया। इस आह्वान को व्यापारियों का व्यापक समर्थन मिला। व्यापारियों ने एकजुट होकर 3 नवंबर को बाजार बंद रखने पर सहमति जताई।
इसी दौरान जय स्तंभ चौक पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर आम नागरिकों से भी समर्थन मांगा गया। व्यापारियों ने आम लोगों से हस्ताक्षर कर इस जनहितैषी मांग में सहभागी बनने की अपील की।
मांग स्पष्ट – नया भी चले, पुराना भी चले….
आंदोलन की मांग स्पष्ट है – नया बस स्टैंड भी चालू रहे और पुराना बस स्टैंड भी।
गज्जू तिवारी ने कहा कि हम नए बस स्टैंड का विरोध नहीं कर रहे हैं। हमारी मांग सिर्फ इतनी है कि पुराने बस स्टैंड पर कम से कम 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप स्टॉपेज पुनः शुरू किया जाए। इससे व्यापारियों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों, मजदूरों और आम यात्रियों को राहत मिलेगी। पुराने बस स्टैंड की सुविधा बंद होने से शहर के व्यापार और आम जनजीवन पर असर पड़ रहा है।
बता दें कि पुराने बस स्टैंड पर 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप शुरू कराने की मांग को लेकर बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। पांच दिनों से बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
गज्जू तिवारी ने कहा कि जब तक जनता की इस जायज मांग का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। 3 नवंबर को इटारसी बाजार बंद के बाद भी यदि मांग पर निर्णय नहीं लिया गया तो आगे जल सत्याग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक लाभ का नहीं, बल्कि इटारसी की जनता, व्यापारियों और यात्रियों की सुविधा का सवाल है।
श्री तिवारी ने कहा कि नया बस स्टैंड भी रहेगा, पुराना बस स्टैंड भी चालू होगा। जनता को सुविधा मिलेगी, इटारसी का व्यापार बचेगा। इसके बाद जल सत्याग्रह भी किया जाएगा।

