
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने और पटाखों की दुकानों पर आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना सिवनी मालवा में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम विजय राय ने व्यापारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में थाना प्रभारी नवीन पांडे, नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उईके सहित पटाखा व्यापारी उपस्थित रहे। इस दौरान एसडीएम विजय राय ने स्पष्ट किया कि पटाखों के कारोबार में सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर अग्निशामक यंत्र, रेत से भरी बोरी और पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव के उपाय किए जा सकें।
एसडीएम ने पटाखा दुकानदारों को दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने की समझाइश देते हुए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को गंभीरता से लेने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने पर जोर दिया।
प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है। बैठक के माध्यम से पटाखा व्यापारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि सुरक्षित वातावरण में कारोबार करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा सके।

