



नर्मदापुरम / जीवा ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल, बनापुरा के विद्यार्थियों ने उमंग स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत शासकीय अस्पताल, सिवनी मालवा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले मानसिक एवं भावनात्मक बदलावों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 10 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों की किशोरावस्था, उनकी मानसिक स्थिति, व्यवहार में होने वाले बदलावों तथा इस उम्र में आने वाली विभिन्न समस्याओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही, बच्चों को बताया गया कि यदि वे तनाव या डिप्रेशन जैसी मानसिक परेशानियों का सामना करते हैं, तो उनसे बाहर निकलने के लिए सही मार्गदर्शन लेना, अपनी बात परिवार एवं शिक्षकों से साझा करना तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेना कितना आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. कांति बाथम, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर ईश्वर सिंह राजपूत एवं स्कूल प्रिंसिपल डॉ. प्रवीण पाणिकर के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बच्चों को सरल, रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाया। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा मानसिक परेशानियों के समय उचित सहायता लेने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शासकीय अस्पताल के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को अस्पताल का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान बच्चों को अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस पहल का उद्देश्य बच्चो में जिज्ञासा बढ़ाना है।

