नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा देर रात जारी तबादला सूची के तहत नर्मदापुरम जिले को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। वर्ष 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी दीपक कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी 12 IPS अधिकारियों के तबादला आदेश के तहत यह फेरबदल किया गया है। श्री शुक्ला इससे पूर्व उज्जैन स्थित 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF) में सेनानी (कमांडेंट) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं, नर्मदापुरम के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा का स्थानांतरण कर उन्हें पुलिस मुख्यालय (PHQ), भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री थोटा के कार्यकाल के दौरान जिले में साइबर अपराध, अवैध शराब, लूट और चोरी जैसी वारदातों पर कड़ा नियंत्रण स्थापित किया गया था और पुलिस ने कई बड़े मामलों का पर्दाफाश किया। जिले की कमान संभालने के बाद नए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के समक्ष क्षेत्र में चाक-चौबंद कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों और संगठित अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने की मुख्य चुनौती रहेगी। जल्द ही वे विधिवत रूप से जिले का कार्यभार ग्रहण करेंगे।

