
नर्मदापुरम / इटारसी बस स्टैंड को पुनः चालू कराने एवं बसों का बस स्टैंड पर दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने बस स्टैंड बंद होने से आम नागरिकों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं मजदूरों को हो रही परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिला अध्यक्ष हेमू कश्यप एवं रामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश मालवीय ने कहा कि इटारसी बस स्टैंड आसपास के अनेक गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख केंद्र है। केसला, धोबीखापा, गाजपुर, रूपापुर, सोनतलाई, कोठा, रामपुर, गोर्रा सहित अनेक गांवों के ग्रामीण बसों से इटारसी आते-जाते हैं। बस स्टैंड बंद होने के कारण उन्हें आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों से इटारसी आने वाले छात्र-छात्राओं को भी बस स्टैंड बंद होने के कारण काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, कृषि कार्यों एवं अन्य आवश्यक कामों से शहर आने वाले किसानों और ग्रामीणों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों से मजदूरी करने इटारसी आने वाले मजदूरों को भी बस स्टैंड बंद होने के कारण परेशानी हो रही है। बसों का उचित स्थान पर ठहराव नहीं होने से उन्हें अपने कार्यस्थल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इटारसी बस स्टैंड को पुनः चालू किया जाए तथा बस संचालकों को बस स्टैंड पर कम से कम दो मिनट बस रोकने के निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों एवं मजदूरों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ओम सेन, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप दुबे, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के जिला अध्यक्ष हेमू कश्यप, रामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश मालवीय, दिनेश चौरे, प्रकाश श्रोता, रज्जू तोमर, पूर्व पार्षद मुन्ना सिद्दीक, आमिर खान, लक्की भदोरिया, श्याम सुंदर यादव, उमेश यादव, बंटी राजपूत, सुमित कछुवाये, ऋतिक कछुवाये, आदित्य पटेल, गोरव भल्लवी एवं प्रेम चौर सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कांग्रेसजनों ने कहा कि बस स्टैंड को पुनः चालू करना जनसुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और प्रशासन को आम नागरिकों की समस्याओं को देखते हुए इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

