
नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग के स्टाफ द्वारा नर्मदा घाटों, बंगाली कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन गश्त की गई। इस दौरान मदिरापान करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा प्राप्त शिकायतों के आधार पर अवैध मदिरा के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत 2 प्रकरण दर्ज किए गए। विभागीय टीम ने लगभग 40 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 10 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 6,000 रुपये आंका गया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गश्त और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

