

नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के सख्त निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सोमवार अलसुबह मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा अमले के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान गंदगी फैलाने, सड़क पर कचरा फेंकने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 15 हजार का अर्थदंड वसूला गया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ वैभव देशमुख के साथ स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अधिकारी अनुराग तिवारी, सतीष यादव, अतिक्रमण दल के सदस्य शेख सिकंदर, सतीश रघुवंशी और स्वच्छता पर्यवेक्षक कमलेश तिवारी समेत पूरा अमला मौजूद रहा।
कचरे में आग लगाना पड़ा महंगा, पेट्रोल पंप पर 10,000 का जुर्माना…..
अतिक्रमण दल के सदस्य शेख सिकंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान मुल्लाजी पेट्रोल पंप परिसर के पास कचरे में आग लगाए जाने का मामला सामने आया। पर्यावरण और स्वच्छता नियमों के विरुद्ध इस गंभीर लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन पर 10,000 रुपए का भारी जुर्माना लगाया गया।
दुकानदारों और ठेले वालों पर भी जुर्माना….
सीएमओ की इस सख्त कार्रवाई से शहर के दुकानदारों और फल-सब्जी विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। सड़क पर गंदगी फैलाने पर दो मोबाइल दुकानों पर 1,000-1,000 रुपए का जुर्माना किया गया। अनाधिकृत रूप से कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने वाले 6 फल-सब्जी ठेले चालकों से 500-500 रुपए जुर्माने के रूप में वसूले गए। सीएमओ श्री देखमुख द्वारा बताया कि यदि इसके बाद भी किसी ने खुले में कचरा फेंका या नियमों का उल्लंघन किया, तो उनके खिलाफ और अधिक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नपाध्यक्ष की अपील की स्वच्छता अभियान में सहयोग करें….
नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने नगर के नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से आग्रह किया है कि नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में सभी मिलकर सहयोग करें। सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और सड़क पर कचरा न फैंकें। बाजार क्षेत्र में कचरा वाहन दोनों समय चलाए जा रहे हैं। कचरा डस्टबिन में एकत्रित करें और कचरा वाहन आने पर उसी में डालें। नगर को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

