
नर्मदापुरम / गायत्री शक्तिपीठ सेठानी घाट में अखिल विश्व गायत्री परिवार जिला समन्वय समिति नर्मदापुरम के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय विशेष नवरात्रि साधना अनुष्ठान का समापन सोमवार, 19 अक्टूबर को पंचकुंडी गायत्री महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार के परिजनों एवं साधकों ने यज्ञ में आहुतियां समर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-शांति और जनमंगल की प्रार्थना की।
अनुष्ठान के अंतिम दिन प्रातः 8 बजे पंचकुंडी गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें नर्मदापुरम जिले सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में गायत्री साधकों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। साधकों ने मां गायत्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए यज्ञ भगवान को भावपूर्ण आहुतियां अर्पित कीं और समाज में सद्भाव, शांति एवं सकारात्मकता के प्रसार का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि इस नौ दिवसीय विशेष साधना सत्र में पहले दिन से ही आश्रम व्यवस्था अनुरूप प्रतिदिन प्रातः 6 बजे सामूहिक गायत्री महामंत्र जप एवं यज्ञ और बौद्धिक गोष्ठियों में साधकों ने नियमित रूप से सहभागिता ली। साधकों के आत्मिक विकास एवं व्यक्तित्व परिष्कार के उद्देश्य से गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रामचंद्र गायकवाड़ द्वारा प्रतिदिन बौद्धिक गोष्ठियों एवं विशेष कक्षाओं का संचालन किया गया। इस दौरान देवपूजन एवं यज्ञ के नियमित आयोजन भी हुए, जिनमें स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
नौ दिवसीय अनुष्ठान के दौरान विभिन्न मांगलिक संस्कार भी संपन्न कराए गए। पूर्णाहुति के पश्चात कन्या भोज आयोजित किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
इस प्रकार दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर संपन्न नौ दिवसीय विशेष नवरात्रि साधना अनुष्ठान का समापन आध्यात्मिक वातावरण, सामूहिक साधना एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।

