
नर्मदापुरम / बाँगाली वेलफेयर एसोसिएशन, नर्मदापुरम द्वारा आयोजित शारदीय दुर्गा महोत्सव में महाअष्टमी का पर्व पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों एवं धार्मिक उल्लास के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया। माँ दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना, पुष्पांजलि और भव्य संधि पूजा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
महाअष्टमी के अवसर पर स्नान पूजा, अभिषेक एवं माँ के दिव्य श्रृंगार के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा के चरणों में पुष्प एवं बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
108 दीपों की महाआरती और 108 कमल पुष्पों से विशेष पूजन रहा मुख्य आकर्षण….
महोत्सव में अष्टमी और नवमी तिथि के संधिकाल में संपन्न हुई संधि पूजा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बंगाली परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाने वाली इस पूजा के दौरान 108 दीपों से भव्य महाआरती की गई। एक साथ प्रज्वलित दीपों की दिव्य ज्योति से पूजा पंडाल आलोकित हो उठा। वहीं, माँ दुर्गा को 108 कमल पुष्प अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। शंखध्वनि, मंत्रोच्चार और माँ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
संधि पूजा के इस दिव्य एवं आध्यात्मिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पारंपरिक बंगाली संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संगम महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा रहा है।
आस्था, संस्कृति और परंपरा का संगम……
बाँगाली वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह शारदीय दुर्गा महोत्सव नर्मदापुरम में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश दे रहा है। महोत्सव के माध्यम से बंगाली परंपराओं और माँ दुर्गा के प्रति अटूट श्रद्धा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। एसोसिएशन ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

