
नर्मदापुरम / इटारसी के पुराने बस स्टैंड से बसों के संचालन पर प्रतिबंध लगाकर सभी बसों को नए बस स्टैंड से संचालित करने के नर्मदापुरम क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के आदेश के खिलाफ अब विरोध तेज हो गया है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ ने ऐलान किया है कि कल दशहरे के अवसर पर इस जनविरोधी आदेश की प्रति का दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
गजानंद तिवारी ने बताया कि इस आदेश से गरीब मजदूर, किसान, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और इटारसी आने-जाने वाले हजारों यात्री परेशान हैं। पहले जहां उन्हें 20 रुपए में आना-जाना होता था, अब ऑटो का अतिरिक्त भाड़ा देने से 60 रुपए प्रतिदिन खर्च करना पड़ रहा है, जो गरीबों पर तीन गुना आर्थिक बोझ है।
उन्होंने कहा – “नए बस स्टैंड को चालू करने का हम स्वागत करते हैं, लेकिन हमारी मांग है कि पुराने बस स्टैंड पर भी 2 से 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप पॉइंट बना रहे। हमारा सवाल है कि गरीब मजदूर अपनी मेहनत की कमाई अतिरिक्त किराए में क्यों खर्च करे? विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को अनावश्यक परेशानी क्यों उठानी पड़े?”
उन्होंने कहा कि समस्त कांग्रेसजनों के साथ मिलकर यह विरोध किया जाएगा। जनता की परेशानी हमारी लड़ाई है और जनहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
हमारी मांग स्पष्ट है…. श्री तिवारी
नया बस स्टैंड चालू रहे, इसका स्वागत है, लेकिन पुराने बस स्टैंड पर 2 से 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप भी बना रहे।
गरीब अपनी मेहनत की कमाई अतिरिक्त किराए में क्यों दे?
जनता की परेशानी हमारी लड़ाई है।

