नर्मदापुरम / तहसील डोलरिया में नर्मदापुरम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और बिजली, सिंचाई, कृषि और खाद विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में नरवाई प्रबंधन के उपाय पर चर्चा में किसानों ने शासन द्वारा पर्याप्त संख्या में बेलर हैरिक रोटावेटर आदि मशीनें समय पर उपलब्ध करवाने की बात कही। किसानों ने कहा है कि वर्तमान में धान की कटाई के लिए एस एम एस अटेचमेंट वाली हार्वेस्टर कंबाइन की अनिवार्यता न्यायोचित नहीं है। धान कटाई समय पर हो सके इसलिए सामान्य (बिना एस एम एस अटेचमेंट वाली) हार्वेस्टर से कटाई की अनुमति दी जानी चाहिए। किसानों ने कहा कि वह स्वयं भी नरवाई/पराली जलाने के पक्षधर नहीं हैं। प्रशासन को भी ऐसे प्रकरणों में पूरी पारदर्शिता से जानकारी लेकर ही दोषी किसानों पर कार्रवाई करनी चाहिए । किसानों द्वारा रबी फसलों के लिए ई-टोकन बुकिंग में समस्याओं से अवगत करवाते हुए कहा कि किसान को समय पर खाद बीज उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से खाद वितरित करने में ई-टोकन व्यवस्था में सुधार करते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाना चाहिए। अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सिंचाई विभाग, बिजली विभाग, कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने का कहा है। बैठक में भारतीय किसान यूनियन मध्यप्रदेश, नर्मदापुरम के संभाग अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह, राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष राकेश गौर, क्रांतिकारी किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लीलाधर राजपूत, जिला अध्यक्ष हरपाल सिंह सोलंकी, रूपेश सिंह, भारतीय जनता पार्टी डोलरिया के सत्यनारायण परिहार, अखिलेश सूर्यवंशी, शमशेर सिंह राजपूत और अन्य किसान शामिल हुए।

