
नर्मदापुरम / शहर के गांधी चौक पर सरकारी अस्पताल के सामने बड़ी माई महाकाली की भव्य प्रतिमा विराजित की गई है। माता का यह स्वरूप जबलपुर के प्रसिद्ध गढ़ा फाटक वाली महाकाली से प्रेरित है। जबलपुर की बड़ी महाकाली प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र मानी जाती हैं। इसी स्वरूप में नर्मदापुरम में भी माता को विराजित करने का प्रयास किया गया है, ताकि शहर और आसपास के श्रद्धालु अपने ही नगर में माता के दर्शन कर सकें।
समिति के सदस्यों ने बताया कि जबलपुर की प्रसिद्ध बड़ी महाकाली के दर्शन के लिए नर्मदापुरम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हालांकि, दूरी और अन्य कारणों से कई भक्त जबलपुर नहीं जा पाते। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए गांधी चौक पर जबलपुर की तर्ज पर माता महाकाली की स्थापना की गई है।
माता को श्रद्धालु मनोकामना की देवी के रूप में भी मानते हैं। भक्त यहां पहुंचकर माता के दर्शन करते हैं और सुख-समृद्धि व मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं। नर्मदापुरम में बड़ी माई महाकाली की स्थापना से श्रद्धालुओं को अपने शहर में ही माता के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।

