


नर्मदापुरम / पांढुर्णा / नवरात्रि के उल्लास, पारंपरिक संस्कृति और गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच पांढुर्णा में रविवार 18 अक्टूबर को आदित्य राज गरबा महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। आदित्य क्लब, जिला पांढुर्णा के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, मिस इंडिया एवं अभिनेत्री सायली भगत विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। दोनों अतिथियों की उपस्थिति आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। महोत्सव का आयोजन पांढुर्णा स्थित आदित्य लॉन में किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, अभिनेत्री सायली भगत शाम 6 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी, जबकि महोत्सव का निर्धारित समय शाम 7 बजे है। आयोजन को लेकर आदित्य क्लब द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में गरबा और पारंपरिक नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी। आयोजन स्थल पर रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और गरबा की धुनों के बीच उत्सव का माहौल रहेगा। आदित्य क्लब द्वारा महोत्सव को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई है।

