

नर्मदापुरम / नगर में कॉलोनियों के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जनप्रतिनिधि लगातार अनूठी पहल कर रहे हैं। इसी कड़ी में नर्मदापुरम के वार्ड क्रमांक 12 के रहवासियों को बड़ी सौगात मिली है, जहां पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो नए पार्कों का निर्माण किया जाएगा।
वार्ड पार्षद पूजा मालवीय ने बताया कि विकास कार्य का भूमि पूजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव के द्वारा संपन्न हुआ। वार्ड क्रमांक 12 की नंदबिहार कॉलोनी में 13 लाख 33 हजार और बैंक कॉलोनी में 7 लाख रुपए की लागत से बनने वाले दो पार्कों का भव्य भूमि पूजन किया गया।
विधायक प्रतिनिधि ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों पार्कों के निर्माण से वार्ड का पूरा लुक बदल जाएगा। यह पहल न केवल रहवासियों को टहलने और बैठने के लिए एक व्यवस्थित व सुंदर स्थान उपलब्ध कराएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगी। पार्क विकसित होने से स्थानीय स्तर पर हरियाली बढ़ेगी, जो क्षेत्र के पारिस्थितिकी संतुलन और शुद्ध हवा के लिए बेहद फायदेमंद होगी।
इस अवसर पर पार्षद पूजा मालवीय, ग्रामीण भाजपा मंडल अध्यक्ष गोकुल पटेल, विशाल बाबरिया, लोकेश विश्नोई, शिवम, नपा उपयंत्री दीक्षा तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पार्षद पूजा मालवीय ने क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर सहयोग देने पर विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और नपाध्यक्ष नीतू यादव का आभार व्यक्त किया।

