
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा के सीएम राइज स्कूल भवन के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और गुणवत्ता में कमियों को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय तकनीकी जांच की मांग की है। इस संबंध में नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कलेक्टर, नर्मदापुरम के नाम नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से निर्माण कार्यों की जांच कराने तथा अनियमितताएं प्रमाणित होने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
नगर कांग्रेस कमेटी का कहना है कि सीएम राइज स्कूल विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्था है। ऐसे में स्कूल भवन के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है। कांग्रेस ने स्कूल की प्राचार्य श्रीमती विमला अहिरवार द्वारा निर्माण कार्यों को लेकर दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
विशेषज्ञ तकनीकी टीम से जांच कराने की मांग…..
नगर कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि स्कूल भवन के निर्माण कार्यों की विशेषज्ञ तकनीकी टीम से जांच कराई जाए। निर्माण में उपयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी स्वीकृति, स्वीकृत राशि, निर्माण एजेंसी तथा कार्य से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ज्ञापन में निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा करने की मांग भी की गई है। साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष, विधायक, सांसद एवं संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों की निगरानी संबंधी जिम्मेदारियों की जांच कराने की मांग उठाई गई है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग….
नगर कांग्रेस कमेटी ने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्यों में अनियमितता, लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमियां प्रमाणित होती हैं, तो संबंधित ठेकेदारों, निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही भवन का तकनीकी सुरक्षा परीक्षण कराकर आवश्यक सुधार कार्य तत्काल करवाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण में सार्वजनिक धन का उपयोग हुआ है। इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, खर्च की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। अब इस मामले में प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की पुष्टि निष्पक्ष तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
ये रहे उपस्थित…..
ज्ञापन सौंपने के दौरान स्वदेश शर्मा नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी, समीर शर्मा वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जितेन्द्र सिंह सोलंकी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोलरिया, प्रवीण रघुवंशी ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी, हैरिसन स्वामी नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस, पृथ्वीराज रघुवंशी, कृष्णकांत मानिक, देवेन्द्र रघुवंशी, शेख साजिद, रत्नेश रघुवंशी, दीपक दीक्षित, राजू खां, राजा यादव, नौसाद खान, अभिषेक सल्लम, दीपक गोस्वामी, प्रशांत गोस्वामी, सोनू राजपूत, आकाश दर, अय्यूब अली, सावन यादव, उस्मान साह, समीउल्लाह शाह, संतोष एरपाचे, योगेश तिवारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

