
नर्मदापुरम / सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल की है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा की पहल पर संचालित ‘प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण’ के अंतर्गत जिले के सभी 1000 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुविधाजनक एवं व्यवस्थित शिक्षण वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकें।
प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण के अंतर्गत जिला शिक्षा केंद्र, नर्मदापुरम में आयोजित कार्यक्रम में नर्मदापुरम विकासखंड के 56 शासकीय विद्यालयों के लिए 1000 फर्नीचर उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन की उपस्थिति में विद्यार्थियों को फर्नीचर की सौगात प्रदान की गई।
1000 स्कूलों में बेहतर होगी पढ़ाई की व्यवस्था…..
जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) डॉ. राजेश जायसवाल ने प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आह्वान पर जिले में संचालित विभिन्न कंपनियां भी विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने के लिए आगे आई हैं।
उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से जिले के सभी 1000 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे बच्चों को बैठकर पढ़ने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण के माध्यम से जिला प्रशासन और विभिन्न कंपनियों के सहयोग से शासकीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को सुविधाजनक ढंग से अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, कक्षाओं में व्यवस्थित एवं विद्यार्थी-अनुकूल वातावरण विकसित करने में भी सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल से शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रोजेक्ट ज्ञानार्पण का लक्ष्य केवल फर्नीचर उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बच्चों को ऐसा शैक्षणिक वातावरण देना है, जहां वे सहजता से बैठकर सीख सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

