
नर्मदापुरम / सांदीपनि सीएम राइज स्कूल, सिवनी मालवा की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से भोपाल डीपीआई के संयुक्त संचालक के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान नर्मदापुरम पीआईयू के अनुविभागीय अधिकारी, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, ठेकेदार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ, समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे। निरीक्षण में निर्माण कार्यों के बाद शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई।
डीपीआई के संयुक्त संचालक ने अधिकारियों के साथ की व्यवस्थाओं की समीक्षा……
निरीक्षण के दौरान भोपाल डीपीआई के संयुक्त संचालक की उपस्थिति में विद्यालय की व्यवस्थाओं और लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्माण कार्यों के बाद शेष कार्यों को पूरा कराने, ठेकेदार की गारंटी के अंतर्गत आने वाले कार्यों को शीघ्र करवाने तथा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। नर्मदापुरम पीआईयू और जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
विद्यालय में बसों, फर्नीचर, साफ-सफाई, खेल मैदान, बस पार्किंग और प्रार्थना सभा सहित दैनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की बात कही गई। साथ ही, अन्य आवश्यक समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन भी प्राप्त हुआ।
नवीन कार्यों की स्वीकृति मिलने की उम्मीद……
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश ‘रिंकू’ जैन ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के सहयोग तथा पूर्व सांसद एवं वर्तमान मध्य प्रदेश शासन के शिक्षा मंत्री माननीय श्री उदय प्रताप सिंह के निर्देशों के अनुरूप विद्यालय में आवश्यक नवीन कार्यों की स्वीकृति प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय की जरूरतों के अनुसार नए कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल सकेगी।
‘मैं स्वयं इसी विद्यालय में पढ़ा हूं’……
नगर पालिका अध्यक्ष रितेश ‘रिंकू’ जैन ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और सांदीपनि सीएम राइज स्कूल सिवनी मालवा की पहचान तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं भी इसी विद्यालय में पढ़ा हूं, इसलिए इस विद्यालय से मेरा भावनात्मक जुड़ाव है। यहां के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
‘बच्चों के भविष्य पर राजनीति नहीं होनी चाहिए’……
जैन ने कहा कि सभ्य समाज में विद्यालय और बच्चों के भविष्य को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रबंधन से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से सांदीपनि सीएम राइज स्कूल में सुविधाओं का विस्तार होगा और विद्यार्थी आगे बढ़कर सिवनी मालवा का नाम रोशन करेंगे।

