
नर्मदापुरम / नगर में विकास कार्यों को गति देने के साथ ही नगरपालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। बारिश थमने के बाद निर्माण कार्यों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने वार्ड क्रमांक 18 में 24 लाख रुपए की लागत से निमार्णाधीन सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद मीना वर्मा, उपयंत्री दीक्षा तिवारी, अनिल सैनी सहित वार्ड के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। नपाध्यक्ष ने सड़क निर्माण के साथ ही नाली निर्माण कार्य की जानकारी भी ली और मौके पर निर्माण की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
350 मीटर लंबी सड़क का हो रहा निर्माण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 18 में 24 लाख रुपये की लागत से लगभग 350 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से खेड़ापति माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्र के रहवासियों को इसका लाभ मिलेगा।
सीवर लाइन के बाद खराब हो गई थी सड़क….
स्थानीय वार्डवासियों ने बताया कि सीवर लाइन डालने के बाद सड़क की स्थिति खराब हो गई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नई सड़क का निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव एवं वार्ड पार्षद मीना वर्मा का आभार व्यक्त किया।

