

नर्मदापुरम / शारदीय नवरात्र के चौथे दिन देवी दर्शन उत्सव समिति, राजा मोहल्ला के दुर्गा पंडाल में भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। नवरात्र के चतुर्थ दिवस पर दुर्गा चौक की महारानी ने रॉयल ब्लू रंग की साड़ी धारण की। माता के इस दिव्य श्रृंगार के साथ ही मोहल्ले के सभी माँ भक्तों ने भी एकता और समर्पण का परिचय देते हुए रॉयल ब्लू कपड़े पहनकर दरबार में हाजिरी लगाई। माता और भक्तों का एक ही रंग में सजा यह दृश्य पूरे पंडाल में आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर पंडाल में भव्य महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है, जहां रोजाना अलग-अलग थीम पर माता का श्रृंगार किया जा रहा है।

