
नर्मदापुरम / इटारसी / महान पार्श्व गायक किशोर कुमार की पुण्यतिथि के अवसर पर 13 अक्टूबर की शाम ‘स्वर लहरी संगीत मंच’ के तत्वावधान में जगदंबा मैरिज गार्डन में एक भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया गया। शाम 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम में गायकों ने किशोर दा के सदाबहार गीतों की ऐसी तान छेड़ी कि उपस्थित श्रोता देर रात तक सुरों की इस महफिल में मंत्रमुग्ध होकर बंधे रहे।
कलाकारों की सुरीली प्रस्तुतियां…..
कार्यक्रम में नर्मदांचल के हरीश मांझी ग्रुप के सदस्यों के साथ-साथ इटारसी के स्थानीय ‘स्वर लहरी ग्रुप’ के गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर दीपक सोनी, विजय तिवारी, मुकेश शुक्ला, पवन मालवीय, रूपनारायण, श्याम दुबे, अनीता राठौर, मुक्ता सोनी, चांदनी शुक्ला, प्रीति मालवीय और रजनी दुबे ने किशोर दा के अमर गीतों को गाकर समां बांध दिया।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति……
संगीत संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में नर्मदापुरम से हरीश मांझी एवं इटारसी नगर पालिका के पार्षद व सभापति राकेश जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कलाकारों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की।
सफल मंच संचालन और आभार……
कार्यक्रम का कुशल एवं रोचक मंच संचालन मुकेश शुक्ला ने किया, जबकि अंत में सभी अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं का आभार प्रदर्शन दीपक सोनी द्वारा व्यक्त किया गया।

