

नर्मदापुरम / मंगोलिया की राजधानी उलानबाटोर में आयोजित ‘वर्ल्ड वुमेन पार्लियामेंटेरियंस फोरम’ में विश्व के 23 देशों की महिला जनप्रतिनिधियों का महासंगम हुआ। इस वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला संसदीय प्रतिनिधिमंडल में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया जी भी शामिल रहीं।
शक्ति की आराधना के पावन पर्व नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह फोरम नारी सामर्थ्य, नेतृत्व और वैश्विक एकजुटता का प्रेरणादायी प्रतीक बना। इस मंच पर नारी शक्ति के वैश्विक स्वरूप, नेतृत्व में महिलाओं की भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर गहन मंथन हुआ।
राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया जी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें स्मरण कराता है कि नारी केवल सृजन और संस्कार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, निर्णय क्षमता और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी भी है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान, महिला सशक्तिकरण का संकल्प और समान अवसरों का विस्तार ही एक समृद्ध, समावेशी एवं सशक्त समाज की पहचान है। माँ दुर्गा की शक्ति से प्रेरणा लेकर हमें ऐसा विश्व बनाना होगा, जहाँ हर महिला को अपने सपनों को साकार करने, नेतृत्व करने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के समान अवसर प्राप्त हों।

