
नर्मदापुरम / नेशनल हाईवे पर रात्रि के समय दौड़ रहीं अनियंत्रित यात्री बसें लगातार मुसाफिरों की जान जोखिम में डाल रही हैं। शनिवार रात बैतूल-भोपाल मार्ग पर बरेठा घाट के अंधेरे मोड़ पर ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां बिना ब्रेक लाइट और बिना पासिंग लाइट के तेज रफ्तार में चल रही एक यात्री बस के कारण दोपहिया वाहन सवार बाल-बाल बच गया। मामले को लेकर पीड़ित ने बैतूल पुलिस और नर्मदापुरम क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अंधे मोड़ पर नहीं दिखी बस, बाल-बाल बचा स्कूटी सवार…..
नर्मदापुरम निवासी नेमीचन्द्र धुर्वे ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे वे अपनी स्कूटी से बैतूल से नर्मदापुरम की ओर आ रहे थे। रात लगभग 7 बजे बरेठा घाट के खतरनाक मोड़ पर पीछे से आ रही बैतूल-भोपाल मार्ग की यात्री बस रूक्क-04-वक्र-3642 अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से निकल रही थी।
पुलिस व आरटीओ से शिकायत…..
शिकायतकर्ता के अनुसार, बस के पीछे न तो ब्रेक लाइट चालू थी, न पासिंग लाइट जल रही थी और न ही कोई सुरक्षात्मक रेडियम पट्टी लगी थी। जिसके चलते वे एक बड़े हादसे का शिकार होने से मुश्किल से बचे। पीड़ित ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे जब उक्त बस नर्मदापुरम बस स्टैंड पहुँची, तो उन्होंने बस परिचालक को रोककर समझाने का प्रयास किया। बस मालिक ने भी इस गंभीर लापरवाही को पूरी तरह अनसुना कर दिया और बात टालकर निकल गया। यात्रियों ने मांग की है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस हाईवे पर रात्रि चेकिंग अभियान चलाए और फिटनेस नियमों का उल्लंघन करने वाली ऐसी लापरवाह बसों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करे।

