


नर्मदापुरम / नगर पालिका ने कोठी बाजार में फूलवती जायसवाल स्कूल के पास सब्जी मार्केट बनाया है। लेकिन उसमें ना तो कोई सब्जी विक्रेता सब्जी बेच रहा है, जिसकी वजह से शहर की मुख्य मार्गों पर हाथ ठेले से सब्जी विक्रेता सब्जी बेच रहे हैं और उनके ठेले पर रखे हुए माइक जिसकी वजह से ध्वनि प्रदूषण हो रहा है, एक साथ 8 से 10 ठेले खड़े रहते हैं और उनके माइक एक साथ बजते रहते हैं। जिससे आने-जाने वाले लोगों को तकलीफ हो रही थी। हमारी “सत्य की आवाज” पर गुरुवार को लगी खबर का असर हुआ। शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा इन सब्जी विक्रेताओं के ठेलों पर जाकर ध्वनि फैला रहे स्पीकरों को जप्त किया।
अतिक्रमण दल प्रभारी शेख सिकंदर ने जानकारी दी कि नपाध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के सख्त निर्देशों के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
टीम ने शहर के व्यस्ततम इलाकों जैसे नेहरू पार्क और अग्निहोत्री गार्डन के सामने अभियान चलाकर ठेलों से 9 छोटे लाउडस्पीकरों को जब्त किया।
लगातार मिल रही थीं नागरिकों की शिकायतें पिछले कुछ दिनों से आम नागरिकों और राहगीरों द्वारा लगातार शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं कि बाजार क्षेत्रों में सब्जी, फल और अन्य सामग्री बेचने वाले विक्रेता छोटे लाउडस्पीकरों का उपयोग बहुत तीक्ष्ण आवाज में कर रहे हैं। इन तीक्ष्ण स्वरों में भाव अनाउंस होने के कारण बाजारों में खरीदारी करने वाले लोगों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को अत्यधिक मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दुकानदारों और विक्रेताओं को सख्त समझाइश कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण दल ने केवल जब्ती की कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि सभी फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य व्यापारियों को कड़े शब्दों में समझाइश भी दी। दल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई भी विक्रेता तेज आवाज वाले या तीक्ष्ण स्वर के लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल करते पाया गया, तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका की इस कार्रवाई से शहर के अन्य इलाकों के अवैध रूप से लाउडस्पीकर बजाने वाले विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया है।

