
नर्मदापुरम / आगामी पावन शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए सर्व हिंदू समाज द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपकर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में खुले में संचालित मांस-मटन की दुकानों को व्यवस्थित कराने की मांग की गई है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को भी सौंपी गई।
ज्ञापन में कहा गया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता रानी की आराधना, पूजा-अर्चना, उपवास एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होते हैं। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ जाता है। ऐसे में खुले में संचालित मांस-मटन की दुकानों के कारण धार्मिक भावनाओं, स्वच्छता एवं सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित असुविधाएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है।
सर्व हिंदू समाज ने मांग की कि नवरात्रि पर्व के दौरान संबंधित दुकानों का निरीक्षण कराया जाए तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही उनका संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार उचित स्थान, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ज्ञापन में नगर पालिका प्रशासन से संबंधित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर लागू नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा नवरात्रि जैसे पवित्र पर्व पर नगर में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस अवसर पर नितिन मेषकर, जिला सेवा प्रमुख विहिप प्रखर राज शर्मा, सुरेंद्र साहू, पृथ्वी पाल चौहान, रामजीवन बकोरिया, मनोज बाबरिया, अंकित ज़रिया, निखिल बोरासी, राजा पासी उपस्थित रहे।

