दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदा पुरम।
वन परिक्षेत्र बागड़ा बफर में एक चीतल मृत पाया गया। तेंदुआ द्वारा चीतल को मारने की संभावना व्यक्त की गई। सूचना प्राप्त होते ही परिक्षेत्र अधिकारी, बागड़ा बफर द्वारा घटना से वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के परिपालन में वनविभाग का स्टाफ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा तथा डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिग की गई। सर्चिग के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई। अंधेरा हो जाने के कारण मृत चीतल का शव परीक्षण नही किया गया तथा नियमानुसार मृत चीतल के शव को शासकीय वाहन से सुरक्षित स्थान पर ले जाकर वन विभाग के स्टॉफ की निगरानी में रखा गया। बुधवार को शासकीय पशु चिकित्सक संजीव मालवीय द्वारा मृत चीतल का शव परीक्षण किया गया, जिसमें चीतल की मृत्यु का प्रथमदृष्टया कारण आवारा कुत्तों द्वारा घायल किए जाने के कारण होना पाया गया। शव परीक्षण के दौरान चीतल के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। मृत चीतल के सेम्पल प्रयोगशाला परीक्षण हेतु संकलित किए गए। शव परीक्षण उपरांत उपसंचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम, सहायक संचालक सोहागपुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी बागड़ा बफर तथा संबंधित वन अमले की उपस्थिति में मृत चीतल के सभी अंगो का दाह संस्कार किया गया।
:

