
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा मेरा योगदान सहित विभिन्न विषयों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों पर प्रारंभ से ही गंभीरता से ध्यान दिया जाए, ताकि में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर ने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए अगले दो दिवस में अभियान बनाकर पर अनिवार्य रूप से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय-सीमा में परीक्षण करने के साथ आवश्यकतानुसार फील्ड विजिट कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए तथा नियमानुसार नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पूर्व में आयोजित शिविरों से संबंधित लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत सभी विभाग अपनी-अपनी जानकारी समय पर जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं, ताकि पोर्टल पर उसकी एंट्री समय पर सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर स्कूलों में नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सेवा मेरा योगदान के तहत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी नोडल अधिकारियों को आवश्यक तैयारी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित गतिविधियों का बेहतर समन्वय के साथ सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
भू-अर्जन के लंबित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा….
बैठक के दौरान कलेक्टर ने भू-अर्जन के लिए लंबित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रबी फसल की बोवनी के पूर्व नहरों से सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने से पहले नहरों की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संसाधन विभाग को विशेष रूप से इस दिशा में कार्य करते हुए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

