


नर्मदापुरम / सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने तथा वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा 28 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान में जागरूकता के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
सातवें दिन की कार्यवाही…..
अभियान के सातवें दिन 04 अक्टूबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीटबेल्ट की सघन जांच की गई।
119 वाहन चालकों के विरुद्ध हेलमेट नहीं पहनने पर कार्रवाई करते हुए ₹35,700 समन शुल्क वसूला गया।
34 वाहन चालकों के विरुद्ध सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने पर कार्रवाई करते हुए ₹17,000 समन शुल्क वसूला गया।
इस प्रकार सातवें दिन हेलमेट एवं सीटबेल्ट संबंधी कुल 153 चालान किए गए तथा ₹52,700 समन शुल्क की कार्रवाई की गई।
वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु 41 प्रकरण पीओएस मशीन के माध्यम से तथा 02 प्रकरण पत्र के माध्यम से, कुल 43 प्रकरण आरटीओ को भेजे गए।
सातवें दिन जागरूकता गतिविधियां….
सातवें दिन जिले में 06 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 01 स्कूल/कॉलेज में 90 विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर 05 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 545 प्रतिभागियों को हेलमेट, सीटबेल्ट एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
सात दिनों की अब तक की संयुक्त कार्रवाई….
28 सितम्बर से 04 अक्टूबर 2026 तक अभियान के प्रथम सात दिनों में नर्मदापुरम पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीटबेल्ट नियमों के उल्लंघन पर कुल—
▪️ 1,224 चालान
▪️ ₹4,21,400 समन शुल्क
▪️ 319 प्रकरण लाइसेंस निलंबन हेतु आरटीओ को प्रेषित
किए गए हैं, शेष प्रकरणों में निलंबन की कार्यवाही की जा रही है ।
इनमें हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 952 चालान तथा सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 272 चालान शामिल हैं।
जागरूकता के क्षेत्र में भी निरंतर प्रयास….
सात दिनों में कुल 68 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 29 स्कूल/कॉलेजों में 2,785 विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वहीं अन्य स्थानों पर 42 कार्यक्रमों के माध्यम से 3,390 प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से यातायात सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रसार किया गया।
नर्मदापुरम पुलिस की अपील….
नर्मदापुरम पुलिस आमजन से अपील करती है कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं भी मानक हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट अवश्य पहनाएं। चारपहिया वाहन में प्रत्येक यात्रा के दौरान सीटबेल्ट का उपयोग करें।
हेलमेट और सीटबेल्ट पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने के लिए हैं। कुछ सेकंड की सावधानी आपके और आपके परिवार के भविष्य को सुरक्षित रख सकती है।
“हेलमेट लगाएं, सीटबेल्ट बांधें—सुरक्षित घर पहुंचें।”
नर्मदापुरम, पुलिस।

