
नर्मदापुरम / इटारसी परियोजना अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत परियोजना अधिकारी योगेश घागरे के नेतृत्व में एवं सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती मीना गाठले की उपस्थिति में सेक्टर-3 के समस्त केंद्रों में सेवा संकल्प अभियान “आंगन मिलन” कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।
तृतीय दिवस की गतिविधि “मेरी कहानी-मेरी सफलता” योजना लाभार्थी संवाद के रूप में आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने अपने अनुभवों और आंगनबाड़ी द्वारा दी जा रही योजनाओं से जुड़ी सफलता की कहानियों को साझा किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से महिलाओं एवं बालिकाओं के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव एवं आर्थिक सहायता से जीवन में आए परिवर्तनों पर चर्चा की गई। पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं से जीवन में आए बदलाव का प्रभावी असर देखने को मिला है, जिस पर हितग्राही बालिकाओं एवं महिलाओं से उनके विचार लिए गए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अटल बाल पालक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में सक्रिय रहने वाली महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वास्थ्य विभाग से एएनएम द्वारा बालिकाओं और महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
पोषण अभियान के अंतर्गत टीएचआर से रेसिपी बनाने के तरीके, गर्म पका भोजन, न्यू बोर्ड, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दी जा रही आवश्यक सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। तेल, चीनी और नमक के सही इस्तेमाल के बारे में जागरूकता संदेश दिया गया।
साथ ही 3 से 6 साल के बच्चों को ताजा एवं स्थानीय विविधता युक्त नाश्ता एवं भोजन की गुणवत्ता एवं प्रदायगी तथा खेल-खेल में बच्चों को दी जा रही शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा में आ रहे बदलावों के बारे में जानकारी दी गई।

