

नर्मदापुरम / सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने तथा वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा 28 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीटबेल्ट अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जागरूकता गतिविधियों के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
तीसरे दिन की कार्रवाई….
अभियान के तीसरे दिन 30 सितम्बर 2026 को हेलमेट एवं सीटबेल्ट को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 114 चालान, ₹34,200 समन शुल्क।
सीटबेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 33 चालान, ₹16,500 समन शुल्क।
इस प्रकार तीसरे दिन कुल 147 चालान किए गए तथा ₹50,700 समन शुल्क की कार्रवाई की गई। लाइसेंस निलंबन हेतु 36 प्रकरण पीओएस मशीन के माध्यम से तथा 05 प्रकरण पत्र के माध्यम से आरटीओ को भेजे गए।
जागरूकता अभियान भी जारी…..
तीसरे दिन जिले में 11 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 07 स्कूल/कॉलेजों में 450 विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा एवं नियमों की जानकारी दी गई। अन्य स्थानों पर 04 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 655 प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। स्थानीय टीवी चैनल के माध्यम से भी यातायात सुरक्षा संदेश का प्रसार किया गया।
तीन दिनों की संयुक्त कार्रवाई….
28 से 30 सितम्बर तक अभियान के प्रथम तीन दिनों में नर्मदापुरम पुलिस द्वारा कुल—
▪️ 502 चालान
▪️ ₹1,72,200 समन शुल्क
▪️ 129 प्रकरण पीओएस मशीन से आरटीओ को
▪️ 13 प्रकरण पत्र के माध्यम से आरटीओ को
▪️ कुल 142 प्रकरण लाइसेंस निलंबन हेतु प्रेषित किए गए हैं।
वहीं तीन दिनों में यातायात जागरूकता के अंतर्गत 32 कार्यक्रम आयोजित किए गए। 16 स्कूल/कॉलेजों में 1,225 विद्यार्थियों को यातायात शिक्षा दी गई तथा अन्य स्थानों पर 19 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,400 प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से 06 बार यातायात सुरक्षा संबंधी संदेश का प्रसार किया गया।
नर्मदापुरम पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक में सुरक्षित यातायात की आदत विकसित करना है। पुलिस की अपील है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा मानक हेलमेट पहनें और चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
“नियमों का पालन करें—सुरक्षित घर पहुंचें।” – नर्मदापुरम, पुलिस।

