
नर्मदापुरम / स्वच्छता अभियान एवं सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत यूनियन बैंक आफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम क्षेत्रीय प्रमुख राज कुमार सेन की उपस्थिति एवं कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के तहत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर नर्मदा तट के ऐतिहासिक सेठानी घाट पर वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया। सभी ने श्रमदान कर घाट की साफ-सफाई की और आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान के पश्चात पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शहर के सीनियर सिटीजन पार्क में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रमुख राज कुमार सेन ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वच्छता, सतर्कता और पर्यावरण संरक्षण हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।

