
नर्मदापुरम / सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में आज नशा मुक्ति एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक प्रभावी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। यह आयोजन प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में NSS अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल एवं NCC अधिकारी सुश्री नीतू अहिरवार का विशेष सहयोग रहा। इस वैचारिक प्रस्तुति की परिकल्पना, पटकथा एवं सृजनात्मक निर्देशन डॉ. शिरीष परसाई द्वारा किया गया। उनके कुशल निर्देशन में विद्यार्थियों ने सूत्रधार के माध्यम से जीवंत संवादों और ओजस्वी अभिनय से सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। नाटक के माध्यम से छात्राओं ने नशे से होने वाले व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ मंच पर प्रस्तुत करते हुए ‘नशामुक्त भारत – सशक्त भारत’ का संकल्प दिलाया। साथ ही लाड़ली बहना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर आमजन को योजनाओं का लाभ लेने हेतु जागरूक किया।इस प्रस्तुति की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राओं के साथ-साथ महाविद्यालय परिसर के आस-पास की दुकानों के दुकानदार, राहगीर एवं आमजन भी बड़ी संख्या में इस नुक्कड़ नाटक को देखने हेतु एकत्रित हुए। उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से विद्यार्थियों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की।अंत में उपस्थित समस्त जनों ने नशे से दूर रहने, शासन की कल्याणकारी नीतियों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सकारात्मकता का प्रसार करने का सामूहिक संकल्प लिया।

