

नर्मदापुरम / पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन में एक विशेष पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रिंस जैन की गरिमामयी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने न केवल नए पौधे रोपे, बल्कि उनकी उचित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
वृक्षारोपण के पश्चात आयोजित संकल्प समारोह में प्राचार्य प्रिंस जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके पेड़ बनने तक उसकी देखरेख करनी चाहिए। इसके उपरांत, उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ, हरा-भरा बनाने और जल व प्रकृति के संरक्षण की सामूहिक शपथ ली।
इस आयोजन में महाविद्यालय परिवार की ऊर्जावान भागीदारी देखने को मिली….
विद्यार्थियों की सहभागिता: B.Ed प्रथम वर्ष एवं द्वितीय वर्ष के साथ-साथ B.A. और B.Com. पाठ्यक्रमों के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण चेतना का संदेश दिया।
शिक्षकों का मार्गदर्शन…..
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण जागरूकता के नारों और प्रकृति को सुरक्षित रखने के साझा संकल्प के साथ हुआ।

