
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / कलेक्टर के निर्देशानुसार हांडिया बैराज परियोजना के अंतर्गत सिवनी मालवा तहसील क्षेत्र में आने वाली प्रभावित भूमि के भू अर्जन (Land Acquisition) की प्रक्रिया को अब और अधिक गति दे दी गई है।
इस संबंध में SDM सिवनी मालवा के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सिवनी मालवा विजय राय द्वारा की गई। बैठक में राजस्व निरीक्षक (RI) तथा संबंधित समस्त हल्का पटवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मौके पर प्रभावित होने वाली भूमि से संबंधित अब तक की प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की गई। एसडीएम श्री राय ने मैदानी अमले को निर्देश दिए कि भू अर्जन से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि परियोजना के कार्य में कोई विलम्ब न हो। भू अर्जन में प्रभावित होने वाली भूमि के प्रभावित कृषकों को भी उनकी भूमि का उचित, समयबद्ध और पारदर्शी मुआवजा दिलाया जा सके। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। कलेक्टर नर्मदापुरम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हांडिया बैराज परियोजना के भू अर्जन कार्य में तेजी आए और साथ ही प्रभावित किसानों के हितों का पूर्ण संरक्षण हो और उन्हें नियमानुसार उनका वैध मुआवजा भी समय सीमा में प्राप्त हो सके।

