
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और विभिन्न वार्डों में व्याप्त गंदगी को लेकर वुधवार को कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सिवनी मालवा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शहर की सफाई व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
सफाई कर्मचारियों और नए कचरा वाहनों की संख्या बढ़ाने एवं पुराने कचरा वाहनों के रखरखाव की मांग…..
ज्ञापन में बताया गया कि नगरपालिका में सफाई कर्मचारियों की अत्यधिक कमी है, जिसके कारण शहर के कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है साथ ही वर्तमान सफाई वाहनों का समय पर रखरखाव कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नए कचरा वाहनों की खरीदी करने की भी मांग रखी गई, ताकि कचरे का उठाव नियमित रूप से हो सके और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जलभराव और नाली निर्माण की समस्या…
शहर की विभिन्न कॉलोनियों में खाली पड़े प्लॉटों में पानी जमा होने की समस्या का भी मुद्दा उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि जलभराव के कारण गंदगी एवं बीमारियों की आशंका बनी रहती है। ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार नाली निर्माण कराकर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई।
चार वर्षों के आय-व्यय और निर्माण कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग….
ज्ञापन में नगरपालिका के विगत चार वर्षों के आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की गई। साथ ही इसकी समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने का सुझाव दिया गया, जिसमें नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष, नगर अध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष, पत्रकार साथी, ब्लॉक अध्यक्ष, नगरपालिका उपाध्यक्ष एवं शहर के गणमान्य नागरिकों को शामिल किया जाए।
*निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग:* पिछले चार वर्षों में नगरपालिका द्वारा कराए गए तथा वर्तमान में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके।
5 अक्टूबर से आंदोलन की चेतावनी….
ज्ञापन में कहा गया कि यदि 4 अक्टूबर 2026 तक सफाई व्यवस्था एवं संबंधित समस्याओं में सुधार नहीं किया जाता है, तो 5 अक्टूबर 2026 से कांग्रेस पार्टी द्वारा चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन में नगरपालिका परिषद के मुख्य द्वार पर विरोध स्वरूप कचरा डालने सहित आगे आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी गई है।
कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था सीधे आम नागरिकों के स्वास्थ्य और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी हुई है। वर्तमान में शहर में सफाई वाहनों एवं सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। नगर पालिका अध्यक्ष ओर नगर पालिका सी एम ओ गहरी नींद में सोए हुए हैं। उन्होंने आगे बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष ओर नगरपालिका सी एम ओ निर्माण कार्य पर पैनी नजर रखते हैं और जनता की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं देते।
दीपक दीक्षित ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन आज दिनांक तक इस संबंध में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन एवं नगरपालिका से मांग की कि तत्काल कार्रवाई करते हुए सफाई कर्मचारियों एवं वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि समस्या का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की रहेगी।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रघुवंशी ने कहा कि सिवनी मालवा नगर पालिका में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। अगर जनता की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता समित पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। नगर अध्यक्ष सुदेश शर्मा ने बताया कि सिवनी मालवा में नगर पालिका के छोटे छोटे कामों के लिए भी जनता परेशान हो रही है। इस अवसर पर मुकेश रघुवंशी, हैरिसन स्वामी,लालू भाटी, मनीष जमींदार, रत्नेश रघुवंशी, बसंत रघुवंशी, प्रमोद नागेश्वर, मनीष देवड़ा, बबलू नागेश्वर, अयूब अली, दुर्गेश मांडवी, सचिन यादव, बाबा कलोसिया, प्रकाश जलखरे, ब्रजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

