नर्मदापुरम / प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ नर्मदापुरम द्वारा 15 दिन से चूल्हा बंद हड़ताल और 3 दिन से जारी भूख हड़ताल मंगलवार कलेक्टर से और आज विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और डिप्टी कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, मध्यान भोजन प्रभारी से चर्चा के बाद कल गुरुवार से स्थगित करने का निर्णय लिया गया। अजय मंजारिया ने बताया कि कलेक्टर का कहना था कि पोषण आहार एवं मध्यान भोजन की दरें बढ़ाना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है, यह प्रदेश स्तर पर कैबिनेट में निर्णय के पश्चात ही हो सकता है, जो समस्याएं हमारे अधिकार क्षेत्र में आती है हम उन पर विचार करने को तैयार हैं। समूह महासंघ के प्रतिनिधि मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया, प्रदेश उपाध्यक्ष रोशनी सोनी ब अन्य दो प्रतिनिधि डिप्टी कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, मध्यान भोजन प्रभारी से चर्चा करने पहुंचे और उन्हें कलेक्टर के नाम अपनी मांगों का पत्र सौंपा। जिनका हल करना उनके अधिकार क्षेत्र में आता है, जिसमें 20% खाद्यान में बढ़ोतरी, प्रति माह समय पर भुगतान, पिछला बकाया राशि, टेक होम राशन का भुगतान करने बाबत मांगे शामिल थी। आपसी चर्चा के बाद अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के निदान शीघ्र करने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत धरना स्थल पर पहुंच कर भूख हड़ताल पर बैठी जिला अध्यक्ष समूह गौरी इश्कर एवं अध्यक्ष समूह कविता राजपूत को जूस पिला कर भूख हड़ताल समाप्त करवाई और हड़ताल पर बैठी समस्त महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम शीघ्र ही भुगतान एवं राशन से संबंधित समस्याओं का निराकरण करेंगे । समूह मीडिया प्रभारी अजय मंजारिया ने बताया कि अधिकारियों के आश्वासन के पश्चात संगठन ने अपनी हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया ताकि आंगनवाड़ियों और स्कूलों में गरीब बच्चों को भोजन मिल सके और बच्चे पोषण आहार से वंचित ना रहे । अजय मंजारिया ने बताया कि समूह द्वारा प्रदाय होने वाले भोजन की दरें बढ़ाना प्रदेश शासन के हाथ में है, अतः समूह महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश अनुसार शीघ्र ही भोपाल में प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

