

नर्मदापुरम / सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को कम करने और वाहन चालकों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस द्वारा 28 सितम्बर से 08 अक्टूबर 2026 तक 10 दिवसीय हेलमेट एवं सीटबेल्ट अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ विभिन्न माध्यमों से आमजन एवं विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दूसरे दिन 29 सितम्बर 2026 को पुलिस द्वारा हेलमेट एवं सीटबेल्ट के उपयोग को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान हेलमेट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 139 चालान कर ₹41,700 समन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं सीटबेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 35 चालान करते हुए ₹17,500 समन शुल्क वसूला गया।
इस प्रकार दूसरे दिन कुल 174 चालान किए गए तथा ₹59,000 समन शुल्क की कार्रवाई की गई। लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए 42 प्रकरण पीओएस मशीन के माध्यम से तथा 05 प्रकरण पत्र के माध्यम से आरटीओ को भेजे गए।
जागरूकता पर भी विशेष जोर…
दूसरे दिन जिले में 12 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 04 स्कूल/कॉलेजों में 375 विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर 08 जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 390 प्रतिभागियों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। स्थानीय टीवी चैनल के माध्यम से भी यातायात सुरक्षा संबंधी संदेश का प्रसार किया गया।
दो दिनों की संयुक्त कार्रवाई….
28 एवं 29 सितम्बर की दो दिवसीय कार्रवाई में नर्मदापुरम पुलिस द्वारा
कुल 355 चालान ₹1,21,500 समन शुल्क, 93 प्रकरण पीओएस मशीन के माध्यम से आरटीओ को, 08 प्रकरण पत्र के माध्यम से आरटीओ को लाइसेंस निलंबन हेतु भेजे गए।
वहीं जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत दो दिनों में 21 जागरूकता कार्यक्रम, 09 स्कूल/कॉलेजों में यातायात शिक्षा, 775 विद्यार्थियों की सहभागिता तथा अन्य स्थानों पर 15 कार्यक्रमों में 745 प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। स्थानीय टीवी चैनलों के माध्यम से 05 बार यातायात सुरक्षा संदेश का प्रसार किया गया।
नर्मदापुरम पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि हेलमेट एवं सीटबेल्ट का प्रयोग केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।
“सुरक्षित सफर, सुरक्षित परिवार—यातायात नियमों का करें पालन।”
नर्मदापुरम पुलिस।

