

नर्मदापुरम / शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर घूमने वाले कुत्तों से मासूम बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। कुत्तों के झुंड लोगों और बच्चों को देखते ही उनके पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय इतवारा क्षेत्र में छोटी बजरिया के पास एक मासूम बच्चे को कुत्तों के झुंड ने काट लिया। बच्चे को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते रहते हैं। राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के पीछे कुत्तों के दौड़ने की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
कुछ माह पहले माखन नगर नाके के पास भी एक नागरिक को कुत्ते ने काट लिया था। हमले में उसके हाथ-पैर पर काफी घाव हो गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बावजूद आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर रोक नहीं लगने से नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से कुत्तों को पकड़ने और इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है।
वुधवार को वार्ड नंबर 6 बड़ी बजरिया शेख समीर के पुत्र शेख अहीर आयु 11 वर्ष को लाल भूरे रंग का बड़ा कुत्ता ने बुरी तरह काट कर घायल कर दिया। उसके पैर में लगभग आठ टांके आएँ, उसका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है । इसी कुत्ते ने दो बार पहले भी छह माह पूर्व इस बालक को घायल कर चुका हैं। जिन्होंने यह कुत्ता पाला हैं । उनसे शिकायत करने पर वह मुकर जाते हैं, वह कहते हैं कि यह कुत्ता हमारा नहीं हैं। इस कुत्ते को तत्काल शीघ्र अति शीघ्र नगर पालिका द्वारा पकड़ाया जाए।

