
नर्मदापुरम / पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल द्वारा रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नर्मदापुरम यार्ड स्थित ईदगाह समपार फाटक क्रमांक 233 (किमी 763/26N-30N) पर आवश्यक अनुरक्षण कार्य किया जा रहा है। समपार फाटक की संरक्षा एवं कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए यहां ओवरहॉलिंग कार्य किया जाएगा।
निर्धारित अनुरक्षण कार्य के दौरान समपार फाटक क्रमांक 233 को 29 सितम्बर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से 04 अक्टूबर 2026 को सायं 18:00 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा। इस दौरान फाटक से किसी भी प्रकार के सड़क यातायात का आवागमन नहीं हो सकेगा।
रेल प्रशासन द्वारा यह कार्य समपार फाटक पर आवश्यक अनुरक्षण सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल एवं सड़क दोनों यातायात की संरक्षा बनाए रखने तथा भविष्य में सुरक्षित एवं सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने नर्मदापुरम क्षेत्र के आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि निर्धारित अवधि में समपार फाटक क्रमांक 233 का उपयोग करने से बचें तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही, कार्य के दौरान लगाए गए यातायात संबंधी निर्देशों एवं संकेतकों का पालन करते हुए रेल प्रशासन के साथ सहयोग करें।
रेल प्रशासन को हुई असुविधा के लिए खेद है तथा आमजन से रेल संरक्षा के हित में सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।

