
नर्मदापुरम / ग्राम खामदा भाग क्रमांक-2 तहसील इटारसी के आदिवासी परिवारों की विस्थापन संबंधी समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक सिंध मरावी से मुलाकात की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के साथ ग्राम खामदा के आदिवासी नेताओं एवं विस्थापन समिति के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं से सहायक संचालक को अवगत कराया।
इस दौरान ग्रामीणों ने विस्थापन के बाद सामने आ रही विभिन्न समस्याओं, भूमि एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडे ने कहा कि आदिवासी परिवारों ने पीढ़ियों से जंगल और अपनी भूमि से जुड़कर जीवन व्यतीत किया है, इसलिए विस्थापन की प्रक्रिया में उनके अधिकारों और मूलभूत आवश्यकताओं का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कि आदिवासी भाइयों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पूरी गंभीरता के साथ उनके साथ खड़ी है। विस्थापन के बाद यदि किसी परिवार को परेशानी हो रही है तो उसका शीघ्र निराकरण होना चाहिए। हमने आज ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारी के समक्ष मजबूती से रखा है। सहायक संचालक द्वारा दो दिन के अंदर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया है। हम चाहते हैं कि अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार शीघ्र कार्रवाई हो और आदिवासी परिवारों को राहत मिले।
आगे जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने कहा कहा कि कांग्रेस पार्टी क्षेत्र के आदिवासी समाज के अधिकारों और समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष पुनः विषय रखा जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय के साथ ही आदिवासी नेता एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष, हरिजन आदिवासी प्रकोष्ठ के मोहन चौहान, विस्थापन समिति के अध्यक्ष खामदा रमेश पंद्राम, जिला कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र मालवीय, जिला इंटक अध्यक्ष शेख रमजान, कांग्रेस नेता राम नारायण गोर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार, जिला कांग्रेस सचिव सुशील बस्तवार, संतोष बामने, मयंक कलोसिया सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।

