

नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी की छात्राओं ने एक बार फिर उच्च शिक्षा एवं राज्य सेवा परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में संस्था की होनहार छात्राओं अदिति पटेल और शाइस्ता खान ने शानदार सफलता हासिल की है। महाविद्यालय से बी. कॉम. की उपाधि प्राप्त करने वाली अदिति पटेल का चयन MPPSC द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक (कॉमर्स) पद पर हुआ है। अदिति ने अपनी एकाग्रता और लगन के बल पर न केवल प्रथम प्रयास में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) उत्तीर्ण की, बल्कि अपने पहले ही प्रयास में सहायक प्राध्यापक जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता की पटकथा लिखी। वहीं, विज्ञान संकाय की पूर्व छात्रा शाइस्ता खान (B.Sc.) ने MPPSC की परीक्षा उत्तीर्ण कर खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर चयनित होकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। अपनी इस स्वर्णिम सफलता का श्रेय दोनों छात्राओं ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद, निरंतर स्व-अध्ययन तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों के मार्गदर्शन को दिया है। इससे पूर्व भी महाविद्यालय की छात्रा कामधेनु पटेरिया एवं नंदिनी ने सहायक प्राध्यापक परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी।समय-समय पर यहाँ की छात्राएँ मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित होकर संस्थान की गरिमा को समृद्ध करती रही हैं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने कहा कि
अदिति पटेल और शाइस्ता खान की यह सफलता हमारी अन्य सभी छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। शासकीय कन्या महाविद्यालय का सदैव यह ध्येय रहा है कि छात्राओं को न केवल उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण मिले, बल्कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में भी शीर्ष स्थान प्राप्त करें। यह उपलब्धि हमारे प्राध्यापकों के मार्गदर्शन और छात्राओं के कठोर परिश्रम का प्रतिफल है। कॉमर्स विभाग के स्नेहांशु सिंह एवं भौतिक शास्त्र विभाग के डॉ. शिरीष परसाई ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रथम प्रयास में ही NET और सहायक प्राध्यापक जैसी उच्च स्तरीय परीक्षा उत्तीर्ण करना अदिति की असाधारण प्रतिभा और अनुशासन को दर्शाता है। वहीं शाइस्ता की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने अदिति पटेल और शाइस्ता खान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासकीय एवं शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएँ व्यक्त की हैं।

