

नर्मदापुरम / वार्ड क्रमांक 22 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 96 में वुधवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “आंगन मिलन कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अंजना दुबे ने सहभागिता की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ समय बिताया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने चित्रकला, गीत एवं कुर्सी दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही बच्चों ने अपनी-अपनी प्रतिभाओं की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं एवं प्रतिभा प्रदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि श्रीमती अंजना दुबे द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद संतोष उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर श्रीमती चंद्रकला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति ठाकुर, आंगनबाड़ी सहायिका सुषमा विनायक सहित वार्ड की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने के साथ उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा।

