

नर्मदापुरम / नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा में आम नागरिकों से जुड़े कार्यों के समयसीमा में निराकरण और नगर की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर भाजपा पार्षदों ने नगर पालिका अध्यक्ष रितेश ‘रिंकू’ जैन और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका में छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी नागरिकों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई मामलों में आवेदन दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हर वार्ड में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग….
पार्षदों ने नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने और विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। इसके साथ ही फूल-पत्तियों के एकत्रीकरण के लिए अलग ऑटो शुरू करने तथा प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।
कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कचरा ऑटो पर तैनात हेल्पर द्वारा स्वयं डस्टबिन से कचरा उठाकर वाहन में डालने की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
नामांतरण और एनओसी के लिए तय हो समय सीमा…..
नगर पालिका से संबंधित नागरिक सेवाओं को समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्षदों ने नामांतरण प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकतम 45 दिवस की समयसीमा निर्धारित करने तथा अनापत्ति प्रमाण-पत्र तीन दिवस में जारी करने की मांग की।
समग्र आईडी में नाम जोड़ने एवं काटने के कार्य के लिए भी स्पष्ट समयसीमा निर्धारित करने की मांग की गई, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की हो जांच…..
नगर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं कर्मचारियों की कार्यालय में निर्धारित समयावधि में उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने पर भी जोर दिया गया।
सुबह-शाम जलप्रदाय का समय निर्धारित करने की मांग….
नगर की जलप्रदाय व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने सुबह और शाम दोनों समय पानी सप्लाई के लिए निश्चित समय निर्धारित करने की मांग की। उनका कहना है कि निर्धारित समय होने से नागरिकों को जलप्रदाय को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी और व्यवस्था अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।
नवरात्रि को लेकर पंडालों में विशेष सफाई की मांग….
आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए नगर के सभी पूजा पंडालों में विशेष सफाई व्यवस्था कराने की मांग भी की गई। साथ ही स्ट्रीट लाइट सहित आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने की बात कही गई, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को परेशानी न हो।
आवारा मवेशियों और पशुओं पर नियंत्रण की मांग…
नगर में खुले रूप से घूम रहे आवारा पशुओं को लेकर भी पार्षदों ने प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सांड, कुत्ते और सुअर जैसे आवारा पशुओं को नियंत्रित करने की व्यवस्था करने की बात कही गई। इसके अलावा भू-अंतरण शुल्क केवल अवैध कॉलोनियों से लिए जाने की मांग भी रखी गई।
10 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो घेराव और धरना….
पार्षदों ने स्पष्ट किया कि उठाए गए जनहित के मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने मांगों पर 10 दिन के भीतर संतोषजनक प्रयास नहीं होने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के घेराव की चेतावनी दी है। इसके बाद गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन करने की बात कही गई है।
ये पार्षद रहे मौजूद…
इस दौरान खेमचंद चौकसे, प्रशांत यादव, तुलसीराम कुशवाहा, ईश्वरदास जमींदार, दुर्गेश उइके, शैलेन्द्र गौर, किरण राठौर, शिव राठौर, कमलेश लोवंशी और दीपक बाथव सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।

