


नर्मदापुरम / शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवारखेड़ा में दिनांक 28 दिसंबर 2026 को संस्था स्तर पर एक दिवसीय यातायात सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यालय में संचालित समस्त वाहनों के चालक एवं परिचालकों सहित परिवहन स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में रिलायबल मोटर ड्राइविंग स्कूल के संचालक संजय मीणा उपस्थित रहे। श्री मीणा ने उपस्थित वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु रहे….
1. यातायात चिन्हों की जानकारी – आदेशात्मक चिन्ह, सचेतक चिन्ह एवं सूचनात्मक चिन्ह
2. सड़क पर सुरक्षित ड्राइविंग के टिप्स एवं रक्षात्मक ड्राइविंग
3. शासन की *राहवीर योजना एवं कैशलेस उपचार योजना* की जानकारी
4. परिवहन विभाग के नवीन नियम, शर्तें एवं गाइडलाइन।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य संदीपन निखार ने कहा कि, “आज की यह कार्यशाला विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से बेहद जरूरी है। समय-समय पर वाहन चालकों को ऐसी जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।”
संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता संतोष कुमार साहू ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं।
कार्यक्रम में संस्था के परिवहन प्रभारी राजेंद्र कुमार नामदेव ने विद्यालय में संचालित समस्त वाहनों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंत में सोहन मालवीय ने उपस्थित सभी सदस्यों, चालक-परिचालक भाइयों के प्रति आभार व्यक्त किया।

